Mungeli मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कन्हैया नाला बांध के पास आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पर महिला वन अधिकारी और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने तथा उन पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगा है। हालांकि, वन विभाग के कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, मुंगेली वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भरतपुर परिसर के आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 556 में अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उपवनमंडलाधिकारी दशहंस प्रकाश सूर्यवंशी और लोरमी वन परिक्षेत्र अधिकारी जूही वर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने देर रात संबंधित क्षेत्र की घेराबंदी की और अवैध रेत खनन में लगे वाहन को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। इस दौरान लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम चेचानडीह निवासी रमेश यादव, पिता जन्तू यादव, को कन्हैया नाला से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते पाया गया।
दस्तावेज मांगने पर महिला अधिकारी से अभद्रता
वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को रोककर चालक से रेत उत्खनन और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोप है कि पूछताछ के दौरान चालक ने महिला वन अधिकारी और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर ट्रैक्टर को खतरनाक तरीके से चलाते हुए वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर चढ़ाने का प्रयास किया। इस घटना से कार्रवाई के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद वनकर्मियों की सतर्कता के कारण किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित खुदाई के औजार जब्त
घटना के बाद भरतपुर परिसर रक्षक ने स्थिति संभाली और आरोपी चालक के कब्जे से अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। इसके अलावा अवैध उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन तसले और दो फावड़े भी बरामद किए गए। वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। जब्त वाहन और औजारों को उच्च तकनीकी केंद्रीय रोपणी तुलसाघाट पहुंचाया गया है। विभाग की ओर से जब्त सामग्री और वाहन को राजसात करने के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में उपवनमंडलाधिकारी दशहंस प्रकाश सूर्यवंशी, वन परिक्षेत्र अधिकारी जूही वर्मा, वनपाल मनोहर लाल यादव, राजेश पाटले, वनरक्षक आशा यादव, शंकर जोशी, ललित कुमार बंजारे, प्रदीप ढीमर, सुरेश यादव, टुकेश्वर राठौर और कमलेश्वर मरावी सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात महिला अधिकारी और कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने के प्रयास के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है। फिलहाल वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जब्त वाहन के राजसात की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
Tags: