महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई 27 किलो गांजा के साथ पति पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बॉर्डर चेक पोस्ट पर नाकाबंदी कर 27 किलो 260 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 13 लाख 63 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। पूरी जब्ती की कुल कीमत 14 लाख 88 हजार रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी चेक पोस्ट (एनएच-353) पर की।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिले के सभी सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। थाना कोमाखान पुलिस ग्राम टेमरी जांच नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों में चार लोग ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की।
कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर पूछताछ शुरू की। पहली मोटरसाइकिल पैशन प्लस पर सवार युवक ने अपना नाम बजरंग यादव (27 वर्ष), निवासी रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ बताया। उसके साथ बैठी महिला ने अपना नाम जीवन्ती महंत (20 वर्ष) बताया। दूसरी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर पर सवार युवक ने अपना नाम राजेश्वर सारथी (25 वर्ष), निवासी जेलपारा धरमजयगढ़ बताया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद था।
पुलिस को संदिग्धों के हावभाव और गतिविधियों पर शक हुआ। इसके बाद दोनों वाहनों और सवार लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 27 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की खेप ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से लेकर छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ ले जा रहे थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग यादव पिता केशबो यादव, जीवन्ती महंत पति बजरंग यादव और राजेश्वर सारथी पिता बुधराम शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रख रही है, ताकि दूसरे राज्यों से होने वाली अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।