कोरबा: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर गौ माता को लेकर की गई टिप्पणी के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और गौ सेवा रक्षक टीम के सदस्यों के बीच विवाद हो गया। शनिवार देर रात कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

मारपीट के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने उरगा थाना पहुंचे। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और धाराएं बढ़ाने की मांग की। वहीं, कार्रवाई की मांग को लेकर युवा कांग्रेस नेता मधुसूदन अपने कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के चलते कुछ देर तनाव का माहौल बना रहा।
विवाद बढ़ता देख उरगा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों की शिकायतें लीं। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags: