रेलवे निर्माण सामग्री चोरी का बड़ा खुलासा, 7 शातिर आरोपियों को किया गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-19 13:17 GMT
Dhamtari. धमतरी। धमतरी जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कुरूद पुलिस ने रेलवे निर्माण कार्य से जुड़ी चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 07 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.80 लाख रुपये मूल्य की 120 नग लोहे की सरिया और चोरी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन को भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कुरूद क्षेत्र अंतर्गत सितंबर 2025 में हुई रेलवे निर्माण सामग्री चोरी के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अमन कुमार दुबे, पिता विष्णु शंकर दुबे, उम्र 26 वर्ष, निवासी एनएच बैस कैम्प खोल्हा, अभनपुर, जिला रायपुर ने दिनांक 09 सितंबर 2025 को थाना कुरूद में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 08-09 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि लगभग 2 से 3 बजे के बीच ग्राम कन्हारपुरी के पास रेलवे टीएसएस निर्माणाधीन स्थल से अज्ञात चोरों द्वारा 32 एमएम की 120 नग लोहे की सरिया, जिसकी कीमत लगभग 1,80,000 रुपये है, चोरी कर ली गई थी।
शिकायत के आधार पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 225/25 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। पुलिस ने सबसे पहले आरोपी विष्णु दास मानिकपुरी उर्फ लालू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों – चंद्रभूषण सिंह, शेख फैजल, टी. शिव कुमार, ओमप्रकाश बंजारे, सुग्रीम राम और आकाश गुप्ता को चिन्हित कर हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपने-अपने अपराध स्वीकार किए, जिसके बाद प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। आरोपी सुग्रीम राम के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन क्रमांक CG-17-KK-2545 को जप्त किया गया, जबकि आरोपी आकाश गुप्ता की निशानदेही पर चोरी गई 120 नग लोहे की सरिया बरामद की गई। पुलिस ने संपूर्ण चोरी का माल बरामद कर विधिवत जप्ती की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में संलिप्त तीन आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आरोपी विष्णु दास मानिकपुरी के विरुद्ध पूर्व में सड़क दुर्घटना से जुड़े प्रकरण दर्ज हैं। वहीं आरोपी टी. शिव कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मामला पंजीबद्ध है। इसके अलावा आरोपी शेख फैजल के विरुद्ध मारपीट और आबकारी एक्ट से जुड़े प्रकरण दर्ज हैं। धमतरी पुलिस ने इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News