कॉपर और ब्रास चोरी का बड़ा खुलासा, 2 चोर सहित कबाड़ी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-29 11:27 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में थाना खमतराई पुलिस ने कंपनी से कॉपर रोप, प्लेट और ब्रास राउंड की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो चोरों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2,42,000 रुपये बताई गई है। यह मामला रायपुर के रावांभाठा स्थित कामाख्या इंटरप्राइजेस कंपनी मेटल पार्क से जुड़ा है। कंपनी के कर्मचारी राकेश सिंह ने 18 जून 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जून 2026 की रात लगभग 03:57 बजे से 04:04 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने कंपनी की दीवार फांदकर अंदर घुसकर कॉपर रोप, ब्रास राउंड और कॉपर प्लेट चोरी कर ली। चोरी किए गए सामान का वजन लगभग 175 किलो बताया गया है।
शिकायत के आधार पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 555/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305, 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में मामले की गंभीरता से जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो व्यक्ति कंपनी से सामान चोरी करते हुए और उसे ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पन्नालाल पवार और आकाश पारधी उर्फ बुटानु को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए कॉपर और ब्रास के सामान को मोटरसाइकिल (क्रमांक CG04 PQ 8968) के जरिए कबाड़ी राकेश कुमार पासवान को बेच दिया गया था।
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने कबाड़ी के ठिकाने पर छापा मारकर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का कॉपर रोप, कॉपर प्लेट और ब्रास राउंड सहित सभी सामग्री जब्त कर ली है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। इस तरह कुल 2.42 लाख रुपये मूल्य का सामान पुलिस ने रिकवर किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पन्नालाल पवार, आकाश पारधी उर्फ बुटानु और राकेश कुमार पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित चोरी और अवैध खरीद-फरोख्त का मामला प्रतीत होता है, जिसकी आगे भी जांच जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने लगातार निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और तकनीकी जांच का उपयोग कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में इस तरह की चोरी रोकने के लिए गश्त और निगरानी और तेज की जाएगी। स्थानीय पुलिस ने उद्योगों और कंपनियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Tags:    

Similar News