गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार, पुलिस ने 4 करोड़ 75 लाख का गांजा किया जब्त
छग
जनता से रिश्ता की खबर का असर, हमारी खबर सच निकली
जनता से रिश्ता विगत 13 वर्षों से नशे के खिलाफ लड़ता आ रहा
रायपुर-महासमुंद के रास्तों से होकर गुजरता है करोड़ों का गांजा, जनता से रिश्ता ने किया था सबसे पहले बड़ा खुलासा
Mahasamund. महासमुंद। छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोमाखान थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 950 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपये बताई जा रही है, जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गांजा एक ट्रक के जरिए तस्करी कर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह तस्करी अंतर्राज्यीय नेटवर्क के तहत की जा रही थी और गांजा को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने की योजना थी।
एनटीएफ और कोमाखान पुलिस को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद संयुक्त टीम गठित कर निगरानी और घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध ट्रक महासमुंद क्षेत्र में पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके तहत गांजा तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक को चिन्हित करने के लिए विशेष टीमें रवाना की गई हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि गांजा कहां से लाया गया था, किन-किन लोगों की इसमें संलिप्तता है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।
उल्लेखनीय है कि महासमुंद जिले में बीते 15 दिनों के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अवधि में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा कुल 1831.610 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 15 लाख 83 हजार रुपये बताई जा रही है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, तस्करी से जुड़े नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार निगरानी और खुफिया तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।