Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 23 अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई जिलों के कलेक्टरों में भी बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव में वरिष्ठ IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार आर. संगीता, जो नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव थीं, उन्हें मंत्रालय में सचिव पदस्थ किया गया है। वहीं भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
नगरीय प्रशासन विभाग में बदलाव
छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में भी बड़ा बदलाव किया है। कांकेर जिले के कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं रिमिजियुस एक्का को संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास पद से हटाकर विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें जल जीवन मिशन के मिशन संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।



नागरिक आपूर्ति निगम को मिला नया प्रबंध संचालक
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ भोसकर विलास संदिपान को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग की सहमति के बाद यह जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद इफ्फत आरा को नागरिक आपूर्ति निगम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया जाएगा।
कई जिलों के कलेक्टर बदले
प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टरों को भी बदला गया है। रणवीर शर्मा को समाज कल्याण विभाग के संचालक पद से हटाकर गरियाबंद जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं कुंदन कुमार, जो मुंगेली जिले के कलेक्टर थे, उन्हें कांकेर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। सक्ती जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को मुंगेली जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
जयश्री जैन को सक्ती जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर तुलिका प्रजापति को कबीरधाम जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उईके को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव पदस्थ किया गया है। वहीं कबीरधाम कलेक्टर गोपाल वर्मा को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
खेल, पर्यटन और अन्य विभागों में बदलाव
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग में पदस्थ किया गया है। उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
लोक सेवा आयोग की परीक्षा नियंत्रक लीन कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग बनाया गया है।
कृषि विभाग के उप सचिव सोमिल रंजन चौधरी को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पर्यटन मंडल के पूर्व प्रबंध संचालक विवेक आचार्य की सेवाएं उनके मूल विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।
जिला पंचायत और अन्य जिम्मेदारियां
रोमा श्रीवास्तव को जिला पंचायत सरगुजा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। वहीं नारायणपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहे आकांक्षा शिक्षा खलखो को नई जिम्मेदारी दी गई है।
नारायणपुर के अपर कलेक्टर वीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को बिलासपुर का अपर कलेक्टर बनाया गया है।
गजेन्द्र सिंह ठाकुर को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं जगदीश सोनकर को विशेष सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्रशासनिक कार्यों को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद अधिकारियों से अपने-अपने नए दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की गई है।
Tags: