मठपुरैना में अवैध प्लाटिंग पर बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर चलाकर हटाए निर्माण
छग
Raipur. रायपुर। जिले में अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में ग्राम मठपुरैना में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम रायपुर के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध अनुमति के की जा रही किसी भी प्रकार की प्लाटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्राम मठपुरैना में की गई इस कार्रवाई में तहसीलदार प्रकाश सोनी के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर अवैध रूप से विकसित की जा रही जमीन का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अवैध निर्माणों को हटाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 15002/136 और 15002/28 की लगभग 0.365 हेक्टेयर और 0.0789 हेक्टेयर भूमि, साथ ही खसरा नंबर 196/2 की करीब 0.204 हेक्टेयर जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। यहां पर बिना अनुमति के सड़क निर्माण और अन्य आधारभूत ढांचे तैयार किए जा रहे थे।
प्रशासन ने इन सभी अवैध गतिविधियों को चिन्हित कर मौके पर ही निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन सरकारी नियमों के तहत विकसित नहीं की जा सकती थी, बावजूद इसके अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेचे जाने की तैयारी की जा रही थी। इस कार्रवाई के साथ ही नगर निगम द्वारा उक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन का कहना है कि इस कदम से न केवल अवैध प्लाटिंग पर नियंत्रण होगा, बल्कि आम लोगों को धोखाधड़ी से भी बचाया जा सकेगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता की जांच जरूर करें और अवैध प्लाटिंग के झांसे में न आएं। अधिकारियों ने दोहराया कि रायपुर जिले में अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से यह साफ संकेत गया है कि जिला प्रशासन अब अवैध भूमि कारोबार के खिलाफ पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।