Raipur. रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तिल्दा-नेवरा पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त किए गए वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, जिले में
संपत्ति संबंधी
अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी विधानसभा के निर्देशन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने इस चोरी के मामले का खुलासा किया। मामले की शुरुआत तब हुई जब हथबंद, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा निवासी संजीव त्यागी (55 वर्ष) ने थाना तिल्दा-नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल से तिल्दा-नेवरा के बुधवारी साप्ताहिक बाजार खरीदारी करने पहुंचे थे। बाजार के बाहर बाइक खड़ी कर जब वह सामान खरीदने गए और लौटे, तब उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 342/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि परवाना देवार जोगी और अजीत जोगी अपने साथियों के साथ चोरी की मोटरसाइकिलों का स्वरूप बदलकर उनका इस्तेमाल कर रहे हैं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान पहले तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के बाद उन्होंने अपने साथी बीरबल देवार के साथ मिलकर जनवरी 2026 से 7 अगस्त 2026 के बीच तिल्दा-नेवरा, बगदई, बैकुंठ स्थित शराब दुकान परिसर और तिल्दा-नेवरा साप्ताहिक बाजार क्षेत्र से कुल पांच मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए वाहन अजय कुमार यदु के घर के पास छिपाकर रखे गए थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां छापा मारकर चोरी की सभी पांच मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में एक हीरो पैशन प्रो (क्रमांक CG22AB3766) और चार हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को जब्त कर तीन आरोपियों परवाना देवार जोगी (21 वर्ष), अजीत जोगी (20 वर्ष) और अजय कुमार यदु (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा है कि जिले में वाहन चोरी, संपत्ति संबंधी अपराधों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, लॉक का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
Tags: