केसीजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा

छग

Update: 2026-02-16 14:02 GMT
Chhuikhadan. छुईखदान। जिला केसीजी में सूने मकानों को निशाना बनाकर दिन के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आदतन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल और औजार बरामद किए हैं। जप्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3,95,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना छुईखदान में दर्ज अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 305-ए बीएनएस तथा चौकी जालबांधा (थाना खैरागढ़) में अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 331(4), 305-ए बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम को लगातार मिल रही शिकायतों और घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा एवं साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त टीम गठित की गई। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब उदयपुर निवासी प्रार्थी सुनिल साहू ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि 11 फरवरी 2026 की शाम खेत से लौटने पर घर के दो कमरों के दरवाजे खुले मिले और आलमारी टूटी हुई थी। जांच में पता चला कि आलमारी में रखी नगदी 30 हजार रुपये, सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। इसी प्रकार ग्राम बफरा निवासी रेखचंद साहू ने भी अपने घर का ताला टूटा मिलने और नगदी व जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर चोरी के पैटर्न का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेह ग्राम करमतरा निवासी ओमप्रकाश साहू पर गया, जो हाल ही में जेल से छूटा था और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए ओमप्रकाश साहू एवं उसके साथी दिलेश्वर साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने 11 फरवरी को उदयपुर, 10 फरवरी को बफरा तथा अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली। आरोपियों के निशानदेही पर उनके घर से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम बरामद की गई।

जप्त संपत्ति में सोने के 12 लॉकेट, सोने के कान के टॉप्स, ईयरिंग, चांदी के पायल, लच्छा, करधन, बिछिया, कड़ा सहित नगदी रकम शामिल है। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल एवं सब्बल भी जब्त किया गया। पुलिस ने बरामद सभी सामान को विधिवत जप्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश साहू (उम्र 19 वर्ष) एवं दिलेश्वर साहू (उम्र 23 वर्ष) निवासी ग्राम करमतरा, चौकी जालबांधा, थाना खैरागढ़ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई गई है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घर छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
Tags:    

Similar News