Raigarh. रायगढ़। Raigarh जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने एक पुराने बाइक चोरी मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी बजरंग सोनी को जिला जशपुर के कुनकुरी क्षेत्र से दबिश देकर पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। जानकारी के अनुसार यह मामला वर्ष 2024 का है, जब ग्राम आमानाय (साजापाली) निवासी देवानसाय कोरवा ने थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वह 5 अगस्त 2024 को अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 BA 5173) से सिसरिंगा बस स्टैंड बाजार गया था। वह बाइक बस स्टैंड के पास खड़ी कर दुकान में गया और लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन दोनों गायब मिले।

घटना के बाद आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाना धरमजयगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/2024 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच के दौरान 4 अक्टूबर 2024 को इस मामले में सह-आरोपी अमरनाथ सोनी को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई थी। पूछताछ में अमरनाथ ने अपने साथी बजरंग सोनी के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद से बजरंग सोनी फरार चल रहा था। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही थी।

इसी दौरान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह ग्राम नवाटोली धुमाडांड, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी बजरंग सोनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, प्रधान आरक्षक जगीत राठिया और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने का मौका नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों में भी पुलिस की कार्रवाई तेज की गई है और सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Tags: