शराब विवाद: बेटे ने पिता की सिर पर पत्थर पटककर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
छग
Korea. कोरिया। कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े साल्ही में 25 नवंबर की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें बेटे ने अपने पिता की सिर पर पत्थर पटककर हत्या कर दी। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद बैकुंठपुर थाना प्रभारी विपिन लकड़ा और बचरापोड़ी चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर शव देखकर पुलिस ने पाया कि मृतक जगलाल सिंह (52 वर्ष) का सिर कुचला हुआ था। जानकारी के अनुसार, मृतक जगलाल सिंह रात को खलिहान में अपने कटे हुए धान की रखवाली के लिए सो रहे थे। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि जगलाल सिंह का बड़ा बेटा धर्मेन्द्र सिंह शराब पीने का आदि था और अक्सर पिता से पैसों की मांग करता था। पिता के मना करने पर भी वह शराब खरीदने के लिए पैसों के लिए दबाव डालता और अपने पिता से विवाद करता था।
पुलिस ने बेटे पर शक करते हुए उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में धर्मेन्द्र ने पिता की हत्या करने की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि 24 नवंबर की रात को पिता से हुए विवाद के बाद उसने हत्या की योजना बनाई थी। धर्मेन्द्र ने कहा कि उसे पता था कि उसके पिता खलिहान में अकेले सो रहे हैं, इसलिए उसने मौके का फायदा उठाया। घटना वाले दिन रात 2 से 3 बजे के बीच धर्मेन्द्र ने पास रखे भारी पत्थर को उठाकर सो रहे पिता के सिर में जोर से पटक दिया। इस वारदात के बाद पिता की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने के लिए पत्थर को अपने घर के कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर को कुएं से जब्त कर लिया और धर्मेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण शराब को लेकर लगातार चल रहे विवाद और पैसों की मांग थी। थाना प्रभारी और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्यों को संकलित किया। पुलिस ने कहा कि यह एक सोची-समझी हत्या थी, जिसमें आरोपी ने पिता को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की, ताकि ऐसी हिंसक घटनाएं भविष्य में न हों। घटना ने यह भी सवाल खड़े किए कि शराब के कारण परिवार में उत्पन्न तनाव कितनी बड़ी हिंसा का रूप ले सकता है। पुलिस ने कहा कि मामले में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और उसे न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।