चोरी का डीजल खरीद-फरोख्त करने वाला लाइन होटल संचालक गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-01 16:21 GMT
Raigarh. रायगढ़। जिले में हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी और उसकी अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भालुमार स्थित एक लाइन होटल पर छापेमारी कर पुलिस ने होटल संचालक को गिरफ्तार करते हुए 150 लीटर चोरी का डीजल जप्त किया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर की गई, जिसमें हाईवे पर डीजल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के आदेश दिए गए थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी के निर्देश के बाद जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भालुमार निवासी वेणुधर पात्रो अपने पात्रो होटल में अवैध रूप से भारी मात्रा में डीजल संग्रहित कर बिक्री कर रहा है। यह डीजल हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से चोरी कर लाया गया बताया गया। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर भालुमार स्थित पात्रो होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल परिसर के पास 15-15 लीटर क्षमता वाले टीपा (ड्रम) में कुल 150 लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया। जप्त डीजल की अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने होटल संचालक वेणुधर पात्रो पिता स्वर्गीय कार्तिको पात्रो, उम्र 55 वर्ष, निवासी अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ से डीजल भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा। आरोपी द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की। थाना घरघोड़ा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 287 बीएनएस तथा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा बीएनएसएस की धारा 94 के तहत आरोपी से अग्निशामक यंत्र और अन्य सुरक्षा मानकों के संबंध में पूछताछ की गई, जिसमें यह भी सामने आया कि होटल परिसर में कोई अग्निशामक व्यवस्था नहीं थी। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर ज्वलनशील पदार्थ डीजल का इस तरह अवैध भंडारण मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा है।

पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जप्ती पत्रक तैयार कर 150 लीटर डीजल जप्त किया और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है, जिसमें यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी डीजल चोरी करने वाले किन-किन लोगों के संपर्क में था और यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के साथ एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा एवं महिला आरक्षक आशा मिंज की अहम भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी के डीजल की खरीद-फरोख्त जैसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की सख्त निगरानी आगे भी जारी रहेगी और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News