ग्राम किरीतमाल में जल जीवन मिशन से बदला जीवन, घर में मिला स्वच्छ पानी

छग

Update: 2026-03-29 12:51 GMT
Raigarh. रायगढ़। रायगढ़ जिले के विकासखंड खरसिया से लगभग 30 किलोमीटर दूर बसे ग्राम किरीतमाल के लोगों का जीवन जल जीवन मिशन के लागू होने के बाद पूरी तरह बदल गया है। पहले गांव में पानी की भारी किल्लत थी और केवल कुछ सीमित हैंडपंप ही पानी का साधन थे। साधारण किसान परिवार की गृहिणी तनूजा यादव के लिए हर दिन की शुरुआत पानी की व्यवस्था से होती थी। उन्हें और उनके परिवार को पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार दिन में दो से तीन बार चक्कर लगाना उनकी मजबूरी थी। गर्मियों में हैंडपंप सूख जाते और जो चलते थे, वहां लंबी कतारें लग जाती थीं। घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी मिलना मुश्किल होता था। इस रोजमर्रा के संघर्ष ने तनूजा यादव और उनके परिवार का समय, ऊर्जा और दिनचर्या प्रभावित की थी। जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई और हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया। जब तनूजा यादव के घर में पहली बार नल से पानी आया।

तो यह उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा पल था। अब उन्हें पानी के लिए घर से बाहर नहीं जाना पड़ता। इस सुविधा ने उनका जीवन आसान बनाया है और समय की बचत भी हुई है। पहले पानी लाने में खर्च होने वाला समय अब वे परिवार की देखभाल, घर के काम और बच्चों के साथ बिताने में लगा रही हैं। स्वच्छ और सुरक्षित पानी मिलने से उनके परिवार के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है। पहले दूषित पानी के कारण छोटी-छोटी बीमारियां आम थीं, लेकिन अब ऐसी समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो गई हैं। बच्चों का जीवन भी बदला है। पहले उन्हें भी पानी लाने में मदद करनी पड़ती थी, अब वे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं और पढ़ाई पर ध्यान दे पा रहे हैं। गांव के अन्य परिवारों के लिए भी जल जीवन मिशन ने जीवन को आसान बनाया है। अब कोई लंबी दूरी तय नहीं करता और हर घर में स्वच्छ पानी उपलब्ध है। इससे परिवारों का समय और ऊर्जा बची है, स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और बच्चों की पढ़ाई पर सकारात्मक असर पड़ा है। ग्राम किरीतमाल के लोग अब सुख, सुविधा और संतोष के साथ अपना दिन शुरू और समाप्त कर रहे हैं। तनूजा यादव गर्व और संतोष के साथ कहती हैं कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन को नई दिशा दी है और पूरे परिवार की दिनचर्या को बेहतर बनाया है। इस योजना से गांव में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है और लोगों का जीवन सरल और स्वास्थ्यपूर्ण बन गया है।
Tags:    

Similar News