रायपुर। देश के उत्तरी इलाकों की तरह छत्तीसगढ़ में भी इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के पेंड्रारोड मरवाही के पूरे क्षेत्र में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। यह तस्वीर पेंड्रा से लगे कोतमा स्टेशन की है जो अनूपपुर जिले में पड़ता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति जारी रहेगी. इसके बाद इसकी तीव्रता कुछ कम हो जाएगी. इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों तक उत्तराखंड, दक्षिण मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा 2-3 दिनों के दौरान उत्तराखंड और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में भी घना कोहरा छाया रह सकता है.

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर, पेंड्रारोड और कोरबा जिले को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 9.1 डिग्री दर्ज किया गया. रायपुर में 17.5 डिग्री, बिलासपुर में 14.6, जगदलपुर में 15.3, दुर्ग में 16.2 और राजनांदगांव में 17.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।



Tags: