Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में हुई लैपटॉप चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रायपुर पुलिस के एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लेनेवो कंपनी का लैपटॉप और वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मयंक कुमार ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्त के साथ कोटा, सरस्वती नगर, रायपुर में किराये के मकान में रहता है। दिनांक 15 फरवरी 2026 की रात्रि को अज्ञात चोर कमरे में रखे उसके दोस्त का लैपटॉप चोरी कर ले गया। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सरस्वती नगर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 42/26 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एण्ड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को अज्ञात आरोपी की पतासाजी और शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके बाद एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। टीम ने प्रार्थी, उसके मित्र और आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया। पुलिस ने तरीका-वारदात के आधार पर चोरी के पुराने आरोपियों, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों की जानकारी भी एकत्र की।
मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों पर नजर रखी गई। जांच के दौरान टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर कोटा सरस्वती नगर निवासी दिनेश रात्रे और कोमल रात्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने लैपटॉप चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके पश्चात पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लेनेवो कंपनी का एक नग लैपटॉप तथा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 80,000 रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश रात्रे (उम्र 19 वर्ष) और कोमल रात्रे (उम्र 21 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।