Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुरबेड़ा में सिलाई कार्य करने वाली महिला के घर में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़िता नंदा तिवारी ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 7 फरवरी 2025 को अपने परिवार के साथ प्रयागराज महाकुंभ के लिए गई थीं। जब 10 फरवरी की सुबह 4 बजे वे घर वापस लौटीं, तो देखा कि घर का पिछला दरवाजा खुला था और अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी स्टील की अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के
जेवरात
, नगदी और जरूरी दस्तावेज गायब थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़कर चोरी को अंजाम दिया था। इस संबंध में सरस्वती नगर थाने में धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, पीड़िता और उसके पति से पूछताछ की, साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में कुकुरबेड़ा निवासी साहिल सिंह ठाकुर (18) की संलिप्तता सामने आई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में साहिल ने खुलासा किया कि उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की थी। साहिल के पास से 60,000 रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए गए। इसके बाद फरार नाबालिग आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस को 11 अप्रैल को उसके संबंध में अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर उसे पकड़ा गया और उसके कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी: साहिल सिंह ठाकुर, पिता भरत सिंह ठाकुर, उम्र 18 वर्ष, निवासी भवानी चौक, कुकुरबेड़ा।
विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग)।

जांच टीम में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, सउनि प्रेमराज बारिक, प्र.आर. विजय पटेल, दीपक बघेल, आर. अभिषेक सिंह, राकेश पांडे, टीकम साहू, शिवम द्विवेदी और थाना सरस्वती नगर के उनि टी.आर. भारद्वाज, आर. ज्ञानचंद साहू शामिल थे। पुलिस की सतर्कता और टीम की मेहनत से महज कुछ ही दिनों में बड़ी चोरी का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Tags: