बैल के हमले में आंख की रोशनी गंवाने वाले लैब टेक्नीशियन ने की आत्महत्या

छग

Update: 2026-06-09 17:57 GMT
Takhatpur. तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बैल के हमले में एक आंख की रोशनी खो चुके एक युवक ने शारीरिक और मानसिक परेशानी से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बेलसरी निवासी दीपक कुमार पांडेय, पिता राजकुमार पांडेय, तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे। करीब एक वर्ष पहले गांव में पैदल घर जाते समय उन पर एक बैल ने हमला कर दिया था। बताया जाता है कि बैल ने उन्हें पीछे से उठाकर पटक दिया और दोबारा हमला करते हुए सिंग मार दिया। इस दौरान बैल का सिंग उनकी एक आंख में घुस गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पहले बिलासपुर में इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर वे बेहतर इलाज की उम्मीद में चेन्नई और हैदराबाद भी गए। कई चिकित्सकों से परामर्श और उपचार के बावजूद उनकी आंख की रोशनी वापस नहीं आ सकी। एक आंख की दृष्टि खोने के बाद दीपक सामान्य जीवन जीने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद उनके स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याएं भी बढ़ने लगी थीं। हाल के दिनों में दूसरी आंख में भी परेशानी महसूस होने लगी थी, जिससे वे काफी चिंतित और परेशान रहने लगे थे।
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन दीपक अपने कमरे में आराम करने चले गए थे। रात में भोजन के समय जब वे नीचे नहीं आए तो उनकी मां उन्हें बुलाने कमरे में पहुंचीं। दरवाजा खोलने पर उन्होंने दीपक को फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान युवक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया। नोट में दीपक ने अपनी शारीरिक और मानसिक परेशानियों का उल्लेख करते हुए आत्महत्या करने की बात लिखी थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और स्थानीय लोग इसे बेहद दुखद घटना बता रहे हैं।
Tags:    

Similar News