Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के राबो–बिलासखार मार्ग पर केटीएम और स्प्लेंडर बाइक के बीच आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे के आसपास दोनों बाइकें तेज रफ्तार से आ रही थीं। ओवरटेक करने के दौरान नियंत्रण खोने से दोनों वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दो युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
टक्कर के बाद दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून बिखर गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तुरंत एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया गया। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान पुलिस द्वारा की जा रही है। स्थानिय ग्रामीणों का आरोप है कि राबो–बिलासखार मार्ग पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क संकरी होने और मोड़ अधिक होने के कारण वाहन चालक अक्सर नियंत्रण खो देते हैं। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कुछ समय तक सड़क पर आवाजाही भी बाधित रही। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौके के हालात और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को बेहतर करने और ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। यह दर्दनाक हादसा फिर एक बार यह याद दिलाता है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही पल भर में जिंदगी छीन सकती है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि सड़क पर सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।