Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ साइंस कॉलेज ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन समारोह में प्रदेशभर सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी खिलाड़ियों ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स जैसे आयोजन से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं की शुरुआत की गई, जिसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, तीरंदाजी और अन्य पारंपरिक खेल शामिल हैं। खिलाड़ियों में उत्साह देखने लायक रहा और उन्होंने पूरे जोश के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 के माध्यम से छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है, वहीं आदिवासी युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान मिलेगी।