होली से पहले खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 असामाजिक तत्व जेल भेजे गए
छग
Raipur. रायपुर। होली त्यौहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस (ग्रामीण) के अंतर्गत थाना खरोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के 10 असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। अवैध शराब बिक्री एवं कानून-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए इन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर तहसील न्यायालय खरोरा में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होली के दौरान गांवों में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इसके मद्देनजर थाना खरोरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध और पूर्व में विवादों में शामिल व्यक्तियों पर नजर रखी।
जांच के दौरान 10 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। सभी मामलों में धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगासा कायम किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मंगतू राम बांधे (38 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 8 असौंदा, रामकुमार उर्फ फट्टा (42 वर्ष) निवासी कोसरंगी, गणेश मरकाम (35 वर्ष) निवासी करियादामा चौक खरोरा, नरेश साहू (25 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 20 कोसरंगी, हरि राम बर्मन (44 वर्ष) निवासी कोसरंगी, गणेश कलामत (33 वर्ष) निवासी ग्राम बुडेनी, पुरुषोत्तम पारधी (35 वर्ष) निवासी बुडेनी, दिनेश बर्मन (39 वर्ष) निवासी कोसरंगी, दीपक यादव (45 वर्ष) निवासी कोसरंगी तथा पुनीत कुर्रे (35 वर्ष) निवासी पचरी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन व्यक्तियों के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
होली के दौरान इनके द्वारा शांति व्यवस्था भंग किए जाने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। थाना खरोरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली जैसे पर्व पर शराब के अवैध कारोबार, हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। ग्रामीण पुलिस के इस त्वरित और सख्त कदम से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।