खमतराई में हत्या का 24 घंटे में खुलासा, नाबालिग सहित 2 हत्यारे गिरफ्तार

छग

Update: 2026-06-23 13:00 GMT
Raipur. रायपुर। कमिश्नरेट क्षेत्र के थाना खमतराई में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और पत्थर बरामद किया है। इसके साथ ही दोनों के द्वारा की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को थाना खमतराई क्षेत्र के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक
अज्ञात व्यक्ति
का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक के सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई और मृतक की पहचान रूपेश सारथी पिता भागवत सारथी, उम्र 35 वर्ष, निवासी शहीद नगर खमतराई रायपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान गोर्वधन नगर खमतराई निवासी शिवा सोनी उर्फ तुषार पिता भुनेश्वर सोनी, उम्र 20 वर्ष को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी, जो विधि से संघर्षरत बालक है, के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। दोनों ने बताया कि घटना के दिन वे शराब के नशे में थे और एक्टिवा वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान जी.टी. कॉम्पलेक्स खमतराई के पास मृतक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया।
आरोपियों ने मृतक को एक्टिवा वाहन में बैठाकर घटना स्थल पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और पत्थर को जब्त कर लिया है। थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 574/26 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पूर्व में दो अलग-अलग स्थानों से पल्सर मोटरसाइकिल चोरी की थी। पहली चोरी 30 मई 2026 को थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्र के फोकटपारा शास्त्री नगर से की गई थी, जिसमें मोहित साहू की पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 04 एमएफ 3934) चोरी की गई थी। इस मामले में थाना देवेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 113/26 दर्ज है।
दूसरी चोरी 9 जून 2026 को थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र के भाठागांव स्थित एक होटल के सामने से की गई थी, जिसमें महेश देवांगन की पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 05 एक्यू 7813) चोरी की गई थी। इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 266/26 दर्ज है। पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1,60,000 रुपये बताई गई है। इन मामलों में भी अलग से कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी शिवा सोनी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Tags:    

Similar News