खैरागढ़ उपचुनाव: सीएम की सभाओं से कांग्रेस ने बनाया माहौल

Update: 2022-04-07 05:45 GMT

केन्द्रीय मंत्रियों के सहारे हवा का रुख पलटने की कोशिश में भाजपा

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है चुनाव प्रचार में भी तेजी आने लगी है। कांग्रेस-भाजपा और जनता कांग्रेस के नेता हवा का रुख अपने तरफ मोडऩे की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से सीएम सहित तमाम मंत्रियों ने जहां मोर्चा संभाल रखा है वहीं भाजपा के कद्दावर नेताओं सहित केन्द्रीय मंत्री भी जोर लगा रहे हैं। रेणु और अमित जोगी के सहारे जनता कांग्रेस भी इस चुनाव में अपना बेस्ट करने की कोशिश में लगी है। तीनों पार्टी के नेता वोटर्स को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से जब से सीएम भूपेश बघेल ने सघन प्रचार और सभाओं का दौर शुरू किया है। वहां कांग्रेस का माहौल बनने लगा है। सीेएम की सभाओं में जिस तरह से भीड़ उमड़ रही है उसे देखकर सीएम का दांव परफेक्ट निशाने पर लगने की संभावना कांग्रेसजनों को दिखाई देने लगी है। खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा के बाद स्थानीय मुद्दे और जाति गत समीकरण ध्वस्त होते नजर आ रहा है। सीएम भाजपा नेताओं के बयानों को ही मुद्दा बनाकर लगातार उसे कटघरे में खड़े कर रहे हैं और अपने सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को समझा रहे हैं। जिसका असर भी देखने को मिल रहा है। सीएम बघेल बैक-टू-बैक तूफानी प्रचार कर रहे हैं. इस दौरान वे पूर्व सीएम पर जमकर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने चिटंफंड कंपनी खुलवाकर किसानों को लूटा, अब हमारी सरकार गांवों की तस्वीर बदल रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के स्टार प्रचारकों पर निशाना साधा. उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता छत्तीसगढ़ को दिलाविया करने का आरोप लगाते हैं, लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जो भी हो करूंगा।

सीएम भूपेश बघेल ने खैरागढ़ विधानसभा के बीजलदेही गांव चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार किसान और मजदूरों की सरकार बनी है. किसान आज कर्ज से मुक्त होकर, आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं. सीएम बघेल ने कहा कि गोधन न्याय योजना ने गौपालकों की आर्थिक उन्नति की. ग्रामीण आद्योगिक पार्क से गांवों की तस्वीर बदल रही है. राज्य सरकार की योजनाओं की नकल अब की जा रही है. भाजपा किसानों की विरोधी है. भाजपा खैरागढ़ को जिला बनाने का विरोध कर रही है. रमन सिंह ने चिटफंड कंपनी खुलवा के किसानों को लूटने का काम किया है।

खैरागढ़ में जिनका जलाते थे पुतला, उनका नाम लेकर मांग रहे वोट: केन्द्रीय मंत्री कुलस्ते

खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते बुधवार सुबह रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में कुलस्ते ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। कुलस्ते ने दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की प्रतिमा लगाने के कांग्रेस के वादे पर सवाल खड़ा किया है। कुलस्ते ने कहा कि जिनकी प्रतिमा लगाने की आज बात की जा रही है, उनके पुतले कभी कांग्रेस ने जलाए। अब उनके नाम का उपयोग करना कहीं से भी ठीक नहीं है। केंद्रीय मंत्रियों के दौरे पर मुख्यमंत्री के सवाल का भी कुलस्ते ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सलवा जुडूम के दौरान बस्तर छोडऩे वाले आदिवासियों के मुद्दे पर कुलस्ते ने कहा कि मैंने पूरी जानकारी ली है। प्रशासन को भी बुलाकर व्यवस्था करने की बात कही थी। अगर ऐसा कोई विषय है, तो जरूर बातचीत करेंगे। उनके साथ जो भी अन्याय हो रहा है, वह नहीं होना चाहिए।

हार के भय से कांग्रेस ने जिला बनाने का ऐलान किया: केन्द्रीय मंत्री पटेल

बुधवार को केंद्रीय खाद्य, उद्योग एवं जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल चुनाव प्रचार करने के लिए खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अमलीडीह कला ग्राम पहुंचे। यहां उन्होंने आम सभा को संबोधित किया। इस दौरान मंत्री पटेल ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का आभारी हूं कि पार्टी ने मुझे स्टार प्रचारक के रूप में यहां आने का मौका दिया, मैं मानता हूं कि साढ़े 3 साल में राज्य सरकार कि जो विफलता है उस का पैमाना तय होगा। इसके अलावा उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल के बारे में कहा कि यह हमारे बहुत अच्छे उम्मीदवार हैं, उनको विजय मिलेगी। कांग्रेस का पाखंड बेनकाब करना यह ज्यादा जरूरी है। पिछले साढे 3 सालों में कांग्रेस ने ऐसा कोई भी काम नहीं किया जिससे हर बार वह यहां वोट मांग पाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि साढ़े 3 सालों में उन्हें किसने रोका था, यह जवाब उन्हें देना चाहिए। खैरागढ़ को जिला बनना चाहिए लेकिन कांग्रेस ने भयभीत होकर घोषणा की है, साढ़े 3 साल तक घोषणा क्यों नहीं की गई। वहीं धान खरीदी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि राज्य को दिवालिया करने पर आमदा है। कांग्रेस को केंद्र सरकार से जल जीवन मिशन के तहत 1,431 करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ को दिया गया है। इस दौरान पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे के साथ भाजपा के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा ने जारी किया आरोप पत्र

कांग्रेस ने खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर जहां जन घोषणा पत्र जारी किया है, वहीं बीजेपी ने 25 बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी किया है. पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने खैरागढ़ उपचुनाव पर प्रेसवार्ता में कांग्रेस के खिलाफ 25 बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि 3 साल 6 महीनों में खैरागढ़ के निवासियों के साथ छल किया है. इतने दिन बाद खैरागढ़ को जिला बनाने का का घोषणा करना गलत है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ की जनता से क्यों डरते हैं. नगर पालिका चुनावी में खैरागढ़ जिला बनाने की पहले ही घोषणा कर चुका था, और 6 पार्षद हार रहे थे. लेकिन दल-बल के साथ 1-1 वोट से जिताये हैं. कांग्रेस ने सर्वे किया, जिसमें 30 हजार वोट से हार रहे हैं इसलिए खैरागढ़ लोगों को लालच देने का काम कर रही है. यहां तक स्वामी आत्मनंद स्कूल तक खैरागढ़ में नहीं खोला गया. डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जनता के सामने रिपोर्ट कार्ड बनाकर हम जनता के पास जाएंगे. 3 साल और 15 सालों के कार्यों की तुलना जनता करेगी. उपचुनाव को कांग्रेस सेमीफाइनल कह रही है. इस लिहाज से भाजपा सेमीफाइनल जीत ही है, और आने वाले चुनाव में फाइनल मुकाबला भी जीतेंगे. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अधिकारी चापलूसी बंद करें, नही तो खैर नहीं.

भूपेश बघेल सरकार अपने विकास कार्य बताए: बृजमोहन अग्रवाल

भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश सरकार अपने साढ़े तीन साल की उपलब्धियां गिनवाए, आरोप लगाने का काम विपक्ष का। वास्तव में इस सरकार के पास विकास बताने के लिये कुछ नहीं है इसलिए खैरागढ़ के मतदाताओं को ब्लैकमेल कर खैरागढ़ उप चुनाव की वैतरणी पार करना चाह रही है। श्री अग्रवाल आज खैरागढ़ में पत्रकारों से चाय पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिले के नाम पर ब्लैकमेल कर रही है और प्रलोभन दे रही है। यह खैरागढ़ की जनता अच्छे से जानती है।

स्व.देवव्रत की मूर्ति लगाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की जनता जानती है कि देवव्रत सिंह जी का निधन क्यों हुआ और 6 महीने हो गये मूर्ति क्यों नहीं लगी। अग्रवाल ने चुनाव में वन मंत्री मोहम्मद अकबर की भूमिका पर कहा कि वन मंत्री गोपनीय अभियान में लगे हुए हैं। वन विभाग के गोदामों में बोरियों में भर कर पैसे आ गये हैं। अधिकारियों पर कांग्रेस के पक्ष में काम करने के लिए दबाव डाला जा रहा है। कांग्रेस गलत खेल रही है आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है पैसा-दारु बाटा जा रहा है। काँग्रेस के अनैतिक आचरण से खैरागढ़ की जनता में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। इस बार काँग्रेस पार्टी और भूपेश बघेल का कोई हथकंडा काम नहीं आएगा। जनता भाजपा को जिताने का मन बना चुकी है। हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

Tags:    

Similar News

-->