Kanker कांकेर: पुलिस की डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरे को महिला सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह-2026’ में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं के सम्मान में इस समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह का आयोजन रविवार, 30 अगस्त 2026 को रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय, जेल रोड में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि रहे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
डीएसपी प्रतिभा लहरे के नेतृत्व और पर्यवेक्षण में कांकेर पुलिस की महिला रक्षा टीम एवं महिला सेल द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा सशक्तिकरण के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। कांकेर पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्रों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। डीएसपी प्रतिभा लहरे को मिला यह सम्मान महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में कांकेर पुलिस के प्रयासों को भी प्रोत्साहित करने वाला माना जा रहा है। कांकेर पुलिस ने नागरिकों से महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, साइबर ठगी, मानव तस्करी, बाल श्रम या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Tags: