संयुक्त सचिव भारत सरकार ने किया जिले के अमृत सरोवर व जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण

छग

Update: 2023-06-07 17:55 GMT
बेमेतरा। जल शक्ति अभियान कैच द रेन के केन्द्रीय नोडल अधिकारी सह संयुक्त सचिव भारत सरकार सोनमणि बोरा ने कल भू संवर्धन व संरक्षण के जिला स्तरीय भ्रमण के दौरान साजा क्षेत्र के सिंघौरी में जल शोधन संयंत्र क्षमता 5 एम.एल.डी. समूह जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर प्रौद्योगिकी में यांत्रिकी और भौतिक रासायनिक शामिल होने वाले तत्वों की जानकारी ली और प्रतिदिन अधिकतम शोधन क्षमता से प्राप्त होने वाले जल के संबंध में जानकारी ली। जिस पर विभाग के अधिकारी ने बताया कि यहां पर जल का संग्रहण शिवनाथ नदी से किया जाता है व जल के शुद्धिकरण के लिए अवसादन, फिल्टर करना और एयरेशन ये सब शामिल है। केन्द्रीय नोडल अधिकारी ने जिला भ्रमण के दौरान साजा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नवकेशा में अमृत सरोवर अंतर्गत निर्माण हुए तालाब व तालाबों के जीर्णोद्धार तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों का अवलोकन किया व तालाब के किनारे ग्रामीणों के साथ पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से तालाब का नामकरण करने व उसकी देखभाल करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि तालाबों में कचरा व गंदगी न फैलाएं और तालाब के चारों ओर वृक्षारोपण करें, ताकि आम नागरिक सुबह या शाम विचरण भी कर सके।
बोरा ने जिले में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए मनरेगा व अन्य विकासात्मक योजनाओं की योजना बनाने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि हमें जल स्रोतों की सुरक्षा और वर्षा जल संचयन की आवश्यकता और महत्व को प्राथमिकता से देखना है। जल शक्ति अभियान भारत सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जो देश में जल सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। बोरा ने ग्रामीणों से कहा कि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, इसलिए नवकेशा अमृत सरोवर को शहीदों के नाम से नामकरण करने का आह्वान किया और साथ साथ कलेक्टर को जिले में निर्मित कुल 90 अमृत सरोवरों का नामकरण भी शहीदों के नाम से करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अमृत सरोवर योजना केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वाकांयोजना है। इन सरोवरों को बहुउद्देशीय स्वरूप में बनाया जाना अति आवश्यक है। मानव जीवन का आधार जल है लेकिन धीरे-धीरे जल स्तर कम होता जा रहा हैं। जल स्तर को सामान्य बनाए रखने के लिए तालाबों का जीर्णोद्धार अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत कार्य कराया जा रहा है, जिससे जनपद के भूगर्भ जल का संरक्षण व संवर्धन हो सके।
Tags:    

Similar News