जल जीवन मिशन से आड़ाझर में बदली राधिका साहू की जिंदगी, नल से घर-घर पहुंचा पानी

छग

Update: 2026-03-18 13:11 GMT
Raigarh. रायगढ़। खरसिया विकासखंड के ग्राम पंचायत सोनबरसा के आश्रित ग्राम आड़ाझर में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों ने ग्रामीणों की जिंदगी में बड़े बदलाव लाए हैं। इस बदलाव की जीवंत मिसाल हैं राधिका साहू, जिनके घर में नल कनेक्शन मिलने के बाद उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। पहले राधिका साहू को प्रतिदिन लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं से पानी लाना पड़ता था। दिन में तीन से चार बार भारी बर्तनों में पानी भरकर लाना उनके लिए बेहद कठिन काम था। गर्मियों के मौसम में पानी की कमी और लंबा इंतजार स्थिति को और गंभीर बना देता था। इससे न केवल उनका शारीरिक श्रम बढ़ता था, बल्कि घरेलू कामों और बच्चों की देखभाल में भी बाधा आती थी।

जल जीवन मिशन के तहत गाँव में पाइपलाइन बिछाकर हर घर में नल कनेक्शन दिया गया। राधिका साहू के घर में भी अब नल से पानी की सुविधा उपलब्ध हो गई है। उन्होंने बताया कि अब उन्हें पानी के लिए दूर जाना नहीं पड़ता, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बचते हैं। अब वे अपने घरेलू काम अधिक व्यवस्थित तरीके से कर सकती हैं और बच्चों की पढ़ाई व देखभाल पर पर्याप्त ध्यान दे रही हैं। राधिका साहू कहती हैं, "अब पानी की चिंता खत्म हो गई है और जीवन पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हो गया है। यह सुविधा न केवल मेरे लिए, बल्कि पूरे गांव के लिए बड़ी राहत साबित हुई है।"

इस योजना के माध्यम से महिलाओं का श्रम कम हुआ, समय का बेहतर उपयोग संभव हुआ और परिवार के स्वास्थ्य में भी सुधार आया है। गांव के अन्य निवासी भी इस बदलाव से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि अब स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से संक्रमण और पानी से होने वाली बीमारियों में कमी आई है। बच्चों को स्कूल जाने और पढ़ाई करने में सहूलियत मिली है, वहीं महिलाएं अपने घरेलू काम समय पर पूरी कर पा रही हैं। हर घर नल जल योजना ने आड़ाझर गांव में न केवल पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की है, बल्कि ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव भी लाया है। ग्रामीण अब अपने समय और श्रम का सदुपयोग कर पा रहे हैं और उनके जीवन में सामान्य से बेहतर गुणवत्ता आई है।

इस योजना के माध्यम से जल जीवन मिशन ने ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आड़ाझर गांव की सफलता ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में सामने आई है। कुल मिलाकर जल जीवन मिशन और हर घर नल जल योजना से आड़ाझर के ग्रामीण अब सुविधाजनक, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। राधिका साहू की कहानी इस परिवर्तन की सबसे सशक्त मिसाल है, जो बताती है कि सही योजनाओं और व्यवस्थाओं से ग्रामीण जीवन में कैसे वास्तविक सुधार लाया जा सकता है।
Tags:    

Similar News