रायपुर. 27 अप्रैल से 5 मई 2026 तक शिवरीनारायण में 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा. यह तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा. कथा का वाचन प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक होगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और भक्ति के संदेशों से जुड़ सकेंगे.
कथा का आयोजन हरिवंश कृपा राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआ धाम, कुरियारी (शिवरीनारायण) में किया जाएगा. आयोजन स्थल को विशेष रूप से सजाया और व्यवस्थित किया जा रहा है, जहां प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. आयोजकों ने इसे क्षेत्रवासियों के लिए एक दुर्लभ और सौभाग्यशाली अवसर बताया है, जब पूज्य गुरुदेव स्वयं अपनी दिव्य वाणी से रामकथा का रसपान कराएंगे.
स्वामी रामभद्राचार्य महाराज 22 भाषाओं के विद्वान, 250 से अधिक ग्रंथों के रचयिता और ज्ञानपीठ एवं साहित्य अकादमी सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत हैं. वे दिव्यांग विश्वविद्यालय के आजीवन कुलाधिपति भी हैं और उनकी ओजस्वी वाणी ने असंख्य लोगों के जीवन को आध्यात्मिक दिशा दी है. इस आयोजन को सामाजिक समरसता के संदेश के साथ जोड़ा गया है. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वर्गों को विशेष रूप से सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा. एक दिन दिव्यांगजनों, एक दिन रक्तदाताओं, एक दिन कुष्ठ रोगियों और एक दिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा, जिससे समाज में जागरूकता और सम्मान की भावना को बढ़ावा मिलेगा.