सिंचाई कॉलोनी का मामला: बृजमोहन अग्रवाल के सवालों का जवाब नहीं दे पाए वन मंत्री मोहम्मद अकबर

Update: 2021-07-26 11:03 GMT

रायपुर। नगर निगम रायपुर के क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शांति नगर सिंचाई कॉलोनी में बने 314 पुराने शासकीय आवासों, बंगलों, गार्डन के साथ अन्य निर्माणाधीन जगहों को तोड़कर नया बनाया जाएगा। इसमें कितनी राशि का खर्च होगा और कब तक बनकर तैयार होगा यह जानकारी पूर्व विधायक बृजमोहन अग्रवाल के द्वारा विधानसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने नहीं बताए।

अग्रवाल ने सवाल किया कि यह निर्णय किसने, कब और किस आधार पर लिया तथा कितने आवास व अन्य निर्माण तोड़े जाएंगे व उसका मूल्य का आंकलन कितना किया गया है? इसके जवाब में अकबर ने बताया कि एफ 9-45/2019/1/5 दिनांक 25 नवंबर 2019 द्वारा जिला मुख्यालयों एवं प्रमुख शहरों में निर्मित जर्जर भवनों रिडेव्हलपमेंट कार्य योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को क्रियान्वयन हेतु नोडल अथॉरिटी घोषित किया गया है। शांति नगर स्थित 314 जर्जर आवास तोड़े जाएंगे, जर्जर आवास का मूल्यांकन छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा नहीं किया गया है।

बृजमोहन अग्रवाल इसके बाद सवाल किया कि अभी तक क्या-क्या कार्य किया गया है, प्रोजेक्ट किस विभाग का है, कब तक पूरा होगा और लागत कितने का है? वन मंत्री ने बताया कि शांति नगर स्थित 314 जर्जर भवन में से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा 21 जर्जर भवन को तोडऩे की कार्यवाही की गई। मंत्रिगणों का एक अधिकारी संपन्न समूह / समिति द्वारा लिए गए दिनांक 20.11.2020 के निर्णय अनुसार पीपीपी मॉडल अनुरुप योजना क्रियान्वयन की कार्यवाही की जा रही है। प्रस्तावित प्रोजेक्ट आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का है। वर्तमान स्थिति में समय एवं लागत बताया जाना संभव नहीं है।

अकबर ने बताया कि शांति नगर रायपुर प्रोजेक्ट योजना स्थित भूमि का स्वामित्व शासन (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग) का है। प्रश्नाधीन भूमि राजस्व रिकार्ड में शासकीय भूमि चिन्हित है तथा मास्टर प्लान से आवासीय है। खसरा क्रमांक 527 रकबा 12.85 एकड़ 529 रकबा 3.42 एकड़ एवं 1/1, 1/4, 73, 74/1 रकबा 20.75 कुल रकबा 37.02 एकड़ भूमि है। उक्त कॉलोनी में 295 अधिकारी-कर्मचारी निवासरत है। केटेगिरी अनुसार उन्हें पूर्व निर्मित शासकीय आवास उपलब्ध करायी जा रही है। लागत का आंकलन नहीं किया गया है। शांतिनगर से अन्य स्थानों पर उक्त लोगों के आवास आबंटन कर दिया गया है, उक्त आवासों की अनुमानित लागत नहीं किया गया है। गृह विभाग के अधीन शांति नगर के ई एवं एफ टाईप के 29 शासकीय आवासों का डिस्मेंटल किया गया जिसमें से 24 शासकीय आवास आबंटित किया गया है, शेष 5 शासकीय सेवक निवृत्त होने के कारण उन्हें आवास आबंटित नहीं किया गया है। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग के शांति नगर कॉलोनी में निर्मित 78 जी टाईप, 134 एच टाईप एवं 64 आई टाईप कुल 266 भवनों को रिडेव्हलप योजना हेतु छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को हस्तांतरित की गई है।


Tags:    

Similar News