रायपुर में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश, महाराष्ट्र और यूपी के आरोपी पकड़े गए
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अलग-अलग थानों की संयुक्त टीमों ने तीन स्थानों पर दबिश देकर एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33.428 किलोग्राम गांजा और बिक्री की 35 हजार रुपये नकदी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 17 लाख 6 हजार 400 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 15 और 16 अक्टूबर 2026 को आमानाका, मुजगहन और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में की गई।
टाटीबंध में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को यातायात पुलिस की टाटीबंध जोन टीम को सूचना मिली थी कि इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास सड़क किनारे दो व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, आमानाका थाना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध युवक और महिला को पकड़कर उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी में 27.420 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख 71 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी कृष्णा पाटिल (21 वर्ष) और पुणे निवासी करिश्मा (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 348/2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भटगांव ओवरब्रिज के नीचे पकड़ा गया तस्करी का आरोपी
दूसरी कार्रवाई मुजगहन थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर-धमतरी मार्ग पर ग्राम भटगांव ओवरब्रिज के नीचे एक युवक गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सतीश पटेल उर्फ सितेश बताया। उसके बैग से 5.230 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 61 हजार 500 रुपये है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का निवासी है और वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ मुजगहन थाने में अपराध क्रमांक 297/2026 दर्ज किया है।
चंगोराभाठा में गांजा और 35 हजार नकद जब्त
तीसरी कार्रवाई 16 अक्टूबर को डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा स्थित महादेवा तालाब परिसर में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि तालाब के घाट के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर मोहम्मद तौफीक (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 778 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 38 हजार 900 रुपये है, और बिक्री की 35 हजार रुपये नकदी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी में कार्रवाई की गई है।
91 मामलों में अब तक 201 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 91 मामलों में 201 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में करीब 6 करोड़ 51 लाख 98 हजार रुपये मूल्य का गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, सिरप और अन्य सामग्री जब्त की गई है। इसके अलावा नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
गांजा सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की खरीद, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।