Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) टास्क टीम और जीआरपी पुलिस ने ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले से जुड़े इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से ट्रेनों में वारदात को अंजाम देता था। आरोपी साड़ी बेचने के बहाने भीड़भाड़ वाले डिब्बों में चढ़ते थे।
मौका मिलते ही महिला यात्रियों के बैग से गहने और कीमती सामान पार कर देते थे। गिरोह लंबे समय से रेलवे यात्रियों को निशाना बना रहा था। यह मामला उस समय सामने आया जब सीपत निवासी सोनाली पटेल टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रही थीं। यात्रा के दौरान जयरामनगर स्टेशन के पास किसी ने उनके बैग से ज्वेलरी बॉक्स चोरी कर लिया। बॉक्स में लगभग 1 लाख 74 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात रखे हुए थे। घटना के बाद पीड़िता ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने रेलवे स्टेशनों पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए, जिसके बाद उनकी पहचान कर निगरानी शुरू की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर घेराबंदी कर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान महिला आरक्षकों की मदद से आरोपी महिलाओं की तलाशी ली गई। तलाशी में चोरी किए गए जेवरात और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से सोने का रानीहार, मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने की बाली, अंगूठी और 21 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य ट्रेन के भीड़भाड़ वाले कोच में साड़ी लेकर चढ़ते थे, ताकि यात्रियों को उन पर शक न हो। इसके बाद महिला सदस्य यात्रियों के पास बैठकर बातचीत करती थीं और मौका मिलते ही कटर या हाथ की सफाई से बैग की चेन खोलकर गहने और अन्य कीमती सामान निकाल लेती थीं। वारदात के बाद आरोपी अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के हिलरोड इलाके के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनिका बेद, मनी देवी, मामूनी केवरा और सुजाता केवरा शामिल हैं।
सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय हो सकता है और उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और रेलवे नेटवर्क में उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को रेलवे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने यात्रियों, खासकर महिलाओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने बैग और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।