अंतरजिला ट्रैक्टर बैटरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 12 बैटरियों के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस ने ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 12 ट्रैक्टर बैटरियां, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और चोरी की बैटरी बिक्री से प्राप्त नगद राशि बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के दिशा-निर्देशन में पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ और साइबर सेल की टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की। मामले की शुरुआत ग्राम सांगिनकछार निवासी परमेन्द्र कुमार सिन्हा की शिकायत से हुई। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 21 और 22 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने सड़क किनारे खड़े उनके महिंद्रा ट्रैक्टर और आसपास खड़े अन्य ट्रैक्टरों से बैटरियां चोरी कर ली थीं। चोरी गई दो बैटरियों की कीमत लगभग 16 हजार रुपये थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में अपराध क्रमांक 314/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2), 317(3), 317(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल से मिले सुराग, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की गई बैटरियों को खरीदने और बेचने के लिए एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस ने सबसे पहले चिचोला निवासी अजहर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की बैटरियां सुजीत देवार और सुकत देवार से खरीदना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने सुजीत देवार और सुकत देवार से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बैटरियां भीखम राम यादव और गणेश राम साहू से खरीदने की जानकारी दी। पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की तो पूरे चोरी नेटवर्क का खुलासा हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने राजनांदगांव और डोंगरगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों ने तिलईरवार, विचारपुर नवागांव, सांगिनकछार, भंडारपुर (डोंगरगढ़), मेढ़ा, पटपर (चिचोला) और धौराभाठा सहित कई गांवों में सड़क किनारे और कोठारों में खड़े ट्रैक्टरों को निशाना बनाया था।
पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा कुल 12 ट्रैक्टर बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 96 हजार रुपये है। आरोपियों ने चोरी की 10 बैटरियां करण मरकाम के माध्यम से नईम खान को और 2 बैटरियां सुजीत देवार एवं सुकत देवार को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 12 ट्रैक्टर बैटरियां, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और बैटरी बिक्री से प्राप्त 8 हजार रुपये नगद बरामद किए। पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में भीखम राम यादव उम्र 26 वर्ष निवासी दिवानभेड़ी, गणेश राम साहू उम्र 40 वर्ष निवासी जरवाही, करण मरकाम उम्र 26 वर्ष निवासी बिजेभाठा, नईम खान उम्र 39 वर्ष निवासी मेरठ उत्तर प्रदेश हाल राजनांदगांव, सुजीत देवार उम्र 23 वर्ष निवासी बाबुटोला, सुकत देवार उम्र 19 वर्ष निवासी बाबुटोला और अजहर खान उम्र 32 वर्ष निवासी चिचोला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए कई आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़, थाना डोंगरगढ़ और अन्य थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज पाए गए हैं।
सभी 7 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बैटरी चोरी के मामले में पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में अपराध क्रमांक 314/26, 315/26, 316/26, 317/26 और थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 418/26 दर्ज किया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे सहित पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ के अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।