अन्तर-जिला चैन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 6 लाख का सोना व दो बाइक बरामद
छग
Durg. दुर्ग। जिले में पिछले कई महीनों से सक्रिय अन्तर-जिला चैन स्नैचिंग गैंग को दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई के तहत दबोच लिया है। पुलिस ने मॉर्निंग वॉक के दौरान महिलाओं को निशाना बनाने वाले इस गैंग के चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से करीब 45 ग्राम सोने की चैन, लॉकेट और सोने की पत्ती बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल– हिरो एचएफ डिलक्स और मैस्ट्रो स्कूटर (कीमत लगभग 1 लाख) को भी जप्त किया गया है।
दुर्ग, कुम्हारी और रायपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने टीम बनाकर विशेष अभियान शुरू किया था। 5 नवंबर, 8 अक्टूबर और 19 नवंबर 2025 को टाउनशीप, सेक्टर-1, सेक्टर-10, प्रियदर्शनीय परिसर सहित शहर के कई इलाकों में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं से बाइक सवार अपराधियों ने चैन छीनी थी। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में मॉर्निंग पेट्रोलिंग, नाकाबंदी, फिक्स प्वाइंट ड्यूटी और सिविल कपड़ों में टीमों की तैनाती की। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज खंगालकर संदेहियों की तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस की नजर BSUP कॉलोनी सड्डू रायपुर में रहने वाले तीन युवकों पर पड़ी। पुलिस ने संदेह के आधार पर पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, अब्दुल मुकीम, ज्वाला बैरागी और उनके साथी एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में आरोपियों ने बचने की कोशिश की, लेकिन गहन पूछताछ में आरोपी ज्वाला बैरागी ने पूरे गिरोह की गतिविधियों का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि वह मूल रूप से भिलाई पावर हाउस स्थित बैरागी मोहल्ले का निवासी है और अपनी बहन से मिलने BSUP कॉलोनी आया करता था। इसी दौरान वह अपने साथियों के साथ मिलकर रायपुर और दुर्ग में भ्रमण कर मौका देखकर चैन स्नैचिंग करता था।
आरोपियों ने अब तक दुर्ग के भिलाई टाउनशीप, सुपेला, भिलाई नगर, कुम्हारी, तथा रायपुर के फाफाडीह और गंज इलाकों में कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी किए गए सोने के आभूषणों को वे पावर हाउस भिलाई स्थित किरण ज्वेलर्स के संचालक राम कृष्ण को बेचते थे, जिसे पुलिस ने रिसीवर के रूप में गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सोने की चैन, 10 लॉकेट और सोने की पत्ती बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा घटना में उपयोग की गई दो बाइक—एचएफ डिलक्स (CG-04 PY 6315), मैस्ट्रो स्कूटर (CG-07 BJ 5389) भी जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने जिन प्रकरणों में खुलासा किया है उनमें-
थाना भिलाई भट्ठी अप.क्र. 155/2025 धारा 304(2) बीएनएस
थाना भिलाई भट्ठी अप.क्र. 164/2025 धारा 304(2) बीएनएस
थाना भिलाई नगर अप.क्र. 644/2025 धारा 304(2) बीएनएस
थाना सुपेला अप.क्र. 1202/2025 धारा 304(2) बीएनएस
थाना कुम्हारी अप.क्र. 216/2025 धारा 304(2) बीएनएस
गिरफ्तार आरोपी:
पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर (21 वर्ष), निवासी कैपिटल सिटी रायपुर
अब्दुल मुकीम (18 वर्ष), निवासी कैपिटल सिटी रायपुर
ज्वाला बैरागी (35 वर्ष), निवासी बैरागी मोहल्ला, छावनी भिलाई
राम कृष्ण, निवासी नंदिनी रोड भिलाई
एक विधि से संघर्षरत बालक
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में पिछले दो महीनों से जारी चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगेगी। आगे भी ऐसे अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और शहर में अतिरिक्त पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।