यातायात पुलिस का सघन अभियान, दो दिन में 68 मामलों पर कार्रवाई

छग

Update: 2026-06-26 18:22 GMT
Bijapur. बीजापुर। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई और जुर्माना वसूला गया। जानकारी के अनुसार, यह अभियान 24 और 25 जून को शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग करने, बिना लाइसेंस वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पहले दिन 24 जून को 35 प्रकरण दर्ज किए, जिनमें 11,300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं 25 जून को 33 प्रकरणों में 12,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस तरह दो दिनों में कुल 68 मामलों में लगभग 24,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी ध्यान दिया गया। ऐसे मामलों में मौके पर ही वाहन चालकों के पालकों को बुलाकर उन्हें यातायात नियमों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में बच्चों को वाहन न देने की सख्त समझाइश दी गई।
यातायात प्रभारी केशव ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
उन्होंने यह भी कहा कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन चलाना गंभीर अपराध है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। स्थानीय प्रशासन ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान बचाने के लिए किया जाना चाहिए। इस अभियान के बाद शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
Tags:    

Similar News