डेयरी दुकानों का सघन निरीक्षण, दही-पनीर समेत 3 नमूने जांच के लिए भेजे गए

छग

Update: 2026-05-01 17:51 GMT
Jashpur. जशपुर। जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला मुख्यालय जशपुर नगर में दूध एवं दुग्ध उत्पादों के विक्रय केंद्रों और डेयरी दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई ‘सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान के अंतर्गत की गई, जो 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक चलाया जा रहा है। यह अभियान लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सचिव के निर्देश तथा जिला दंडाधिकारी जशपुर के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तीसरे दिन खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जशपुर नगर क्षेत्र में विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दूध की गुणवत्ता, उसकी उपलब्धता, तथा उससे बनने वाले उत्पाद जैसे दही, पनीर, घी और लस्सी की निर्माण प्रक्रिया एवं भंडारण व्यवस्था की विस्तार से जांच की। इस दौरान संबंधित खाद्य कारोबारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शंका के आधार पर दही, गाय का दूध और पनीर के कुल तीन नमूने संकलित किए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों की जांच की गई उनमें कृष्णा डेयरी (रांची रोड), नीलेश डेयरी, नीलेश स्वीट्स, नीलेश केक एंड डेली नीड्स (बस स्टैंड), अरुण डेयरी (बिरसा मुंडा चौक) और पुनीत डेयरी (कलेक्टर ऑफिस रोड) शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता को रोकना है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना इस अभियान की प्राथमिकता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी संचालकों को साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था और उत्पादन प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा और अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं जो नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी खाद्य सामग्री में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी संदेह होता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। इस अभियान के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को सुरक्षित एवं स्वस्थ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
Tags:    

Similar News