Raipur. रायपुर। गणेश उत्सव और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए राजधानी के नॉर्थ जोन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 सितंबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें चाकू रखने और लहराकर लोगों को डराने के आरोप में तीन व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि सात लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
नॉर्थ जोन पुलिस के मुताबिक त्योहारी सीजन में सार्वजनिक स्थानों पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहला मामला रामनगर रेलवे लाइन के पास का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान खिलेश निर्मलकर (18 वर्ष 7 माह), निवासी भरत नगर गुढ़ियारी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई 11.2 इंच बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 411/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। दूसरी कार्रवाई जनता कॉलोनी स्थित सियान सदन के सामने की गई। यहां एक व्यक्ति के हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शुभम राव मूले (31), निवासी विकास नगर गुढ़ियारी को पकड़ा।
पुलिस ने उसके कब्जे से स्टील का धारदार और नोकदार चाकू बरामद किया है, जिसकी कुल लंबाई 10.9 इंच बताई गई है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 412/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। इसी अभियान के तहत उरला थाना पुलिस ने भी एक व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक हिमांशु वर्मा निवासी उरला के खिलाफ अपराध क्रमांक 466/2026 दर्ज कर धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण बनाया गया है।
इसके अलावा नॉर्थ जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पंडरी थाना पुलिस ने दो, खम्हारडीह पुलिस ने एक और खमतराई पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की। इस तरह एक दिन के अभियान में कुल 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इनमें तीन लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और सात के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शामिल है। पुलिस का कहना है कि गणेश उत्सव और आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा।
Tags: