इंस्टाग्राम पर दोस्ती का खौफनाक अंजाम: नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
छग
Jashpur. जशपुर। सोशल मीडिया पर हो रही अंधाधुंध दोस्ती किस तरह खतरनाक मोड़ ले सकती है, इसका ताजा उदाहरण जशपुर जिले से सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक ने नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दो दिनों तक उसका शोषण किया। पुलिस ने छात्रा को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र के पंडरा पाठ चौकी का है। घटना की शुरुआत तब हुई जब पीड़िता के परिजनों ने पंडरा पाठ चौकी में छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजन लगातार बेटी को तलाश रहे थे लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंची।
आरोपी के घर से मिली छात्रा
पुलिस की खोजबीन के दौरान नाबालिग छात्रा को आरोपी के घर से बरामद किया गया। पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि आरोपी अरुण यादव छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसे राजपुरी जंगल, जो जशपुर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, वहां दो दिनों तक दैहिक शोषण का शिकार बनाया। छात्रा को सुरक्षित परिजनों के हवाले करने के बाद पुलिस ने आरोपी अरुण यादव को गिरफ्तार किया। उस पर अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर बढ़ रहा खतरा
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक या स्नैपचैट पर अजनबियों से दोस्ती करना किस तरह से खतरनाक हो सकता है। पुलिस और समाजसेवी संस्थाएं लगातार अपील करती रही हैं कि नाबालिग बच्चे-बच्चियां सोशल मीडिया पर सतर्क रहें और अंजान लोगों पर विश्वास न करें। जशपुर पुलिस ने कहा है कि नाबालिग बच्चों पर माता-पिता की निगरानी बेहद जरूरी है। बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान रखें और यदि कोई संदिग्ध दोस्ती या बातचीत होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसे मामलों में लापरवाही भविष्य में गंभीर अपराध का कारण बन सकती है।