बिलासपुर में ट्रैफिक सिस्टम का निरीक्षण, 550 कैमरों से हो रही निगरानी

छग

Update: 2026-04-15 17:38 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), साइबर सेल, पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 112 का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आधुनिक तकनीकों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और संबंधित स्टाफ को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक Ramgopal Garg और डीआईजी व एसएसपी Rajnesh Singh कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने आईटीएमएस सिस्टम की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा। तकनीकी टीम ने बताया कि शहर में लगाए गए 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) सिस्टम के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है और स्वचालित चालान जारी किए जा रहे हैं।
अधिकारियों को यह भी बताया गया कि कैमरे वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन कर डेटा सिस्टम में भेजते हैं, जिसके बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर संबंधित वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर चालान भेज दिया जाता है। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने मॉनिटर पर लाइव सिस्टम देखकर स्वयं भी वाहन नंबर प्लेट की जांच प्रक्रिया को समझा। आईटीएमएस के जरिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात दबाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम में लगे बड़े स्क्रीन के माध्यम से रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे जाम की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है।
इसके अलावा शहर में लगाए गए 23 पीए सिस्टम और 10 एलईडी स्क्रीन के जरिए आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के संदेश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने इन उपकरणों के संचालन का भी निरीक्षण किया और इसकी उपयोगिता को सराहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने आईटीएमएस प्रणाली के माध्यम से चोरी हुए वाहनों की पहचान और ट्रैकिंग में मिल रही सफलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से अपराध नियंत्रण में भी मदद मिल रही है और इसे और प्रभावी बनाने की जरूरत है।
साइबर सेल, डायल 112 और पुलिस कंट्रोल रूम का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वहां तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें और हर कॉल को गंभीरता से लें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं और नियम उल्लंघन पर नियंत्रण संभव हो रहा है। अधिकारियों ने टीम को लगातार निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया बनाए रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News