Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले में कृषि केंद्रों की निगरानी को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को विकासखंड पलारी और बलौदाबाजार क्षेत्र के कृषि केंद्रों की जांच की गई, जिसमें अनियमितता मिलने पर दो दुकानों में विक्रय प्रतिबंधित कर दिया गया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि कृषि केंद्रों में कीटनाशकों के भंडारण, दस्तावेजों और बिक्री प्रक्रिया की जांच की जा रही है, ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध हो सके और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
एनके ट्रेडर्स में मिली कई अनियमितताएं
विकासखंड पलारी के कीटनाशी निरीक्षक सुचिन कुमार वर्मा ने ग्राम अमेरा में संचालित एनके ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कृषि केंद्र में कई तरह की अनियमितताएं पाई गईं। जांच में सामने आया कि दुकान में कालातीत कीटनाशकों का उचित तरीके से संधारण नहीं किया गया था। इसके अलावा विक्रय केंद्र में उपलब्ध कीटनाशकों का स्कंध और मूल्य सूची भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक और स्त्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण भी नहीं पाया गया। इन कमियों को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही कृषि केंद्र संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
कुनाल कृषि केंद्र पर भी कार्रवाई
विकासखंड बलौदाबाजार के कीटनाशी निरीक्षक लोकनाथ दीवान ने ग्राम सेम्हराडीह में संचालित कुनाल कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां भी कीटनाशकों की स्कंध और मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं मिली। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक और स्त्रोत प्रमाण पत्र का सही तरीके से संधारण नहीं किया गया था। अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने इस कृषि केंद्र में भी विक्रय प्रतिबंधित कर दिया और संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
अन्य केंद्रों को भी दिए गए निर्देश
निरीक्षण अभियान के दौरान ग्राम खैदा में संचालित देवाशीष कृषि सेवा केंद्र की भी जांच की गई। यहां स्त्रोत प्रमाण पत्र का उचित संधारण नहीं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति खैदा का भी औचक निरीक्षण किया गया। जांच में समिति में स्कंध पंजी का उचित संधारण नहीं पाया गया, जिस पर समिति को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिलेभर में जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
विकासखंड भाटापारा के कीटनाशी निरीक्षक अवधेश उपाध्याय ने ग्राम निपनिया में संचालित आशा कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं विकासखंड सिमगा की कीटनाशी निरीक्षक ओएम कुजूर ने जय किसान ट्रेडर्स सिमगा का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि जिले में कृषि केंद्रों की जांच आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्र संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि सामग्री की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।