बिलासपुर जेल में बंदी की हत्या

Update: 2026-06-23 11:49 GMT

बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर हुई एक हत्या की वारदात ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल के ई-1 बैरक में एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरे जेल परिसर में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान कोटा थाना क्षेत्र के दबनपुर निवासी नीलू जगत के रुप में हुई है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसकी हत्या नाली के स्लैब से सिर कुचलकर की गई है।

बताया जा रहा है कि जिस ई-1 वार्ड में यह घटना हुई, वह मानसिक रुप से बीमार बंदियों के लिए आरक्षित है। हत्या का आरोप जेल में बंद राजेश राय पर लगाया जा रहा है, जो मुंगेली जिले के चमारी गांव का निवासी है। राजेश राय तिहरे हत्याकांड के मामले में पिछले करीब 17 वर्षों से जेल में बंद है और उसे भी मानसिक रुप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बैरक को सील कर जांच शुरु कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर जेल के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कही कोई चूक तो नहीं हुई।

Tags:    

Similar News