Raigarh. रायगढ़। जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यातायात पुलिस की टीम ने जिले के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया और रात के समय वाहन चालकों की सुविधा के लिए कई स्थानों पर रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि रात के समय वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित स्थान दूर से दिखाई दें, जिससे वे समय रहते सतर्क होकर वाहन की गति नियंत्रित कर सकें और हादसों में कमी लाई जा सके।

जिले में चिन्हांकित हैं 16 ब्लैक स्पॉट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया गया। एडिशनल एसपी अनिल सोनी और ट्रैफिक एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित बंजारे ने टीम के साथ जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। रायगढ़ जिले में नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर कुल 16 ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित किए गए हैं। इन सभी स्थानों पर सड़क की स्थिति, मोड़, सड़क की बनावट, रात्रिकालीन दृश्यता और सुरक्षा संकेतकों की जांच की गई।

रात में दूर से दिखाई देंगे दुर्घटना संभावित स्थान
निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस टीम ने पाया कि कुछ स्थानों पर रात के समय सड़क की पहचान करने में वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाए गए हैं। रिफ्लेक्टिंग रेडियम पर वाहन की हेडलाइट पड़ने पर वह चमकने लगता है, जिससे चालक को सड़क के किनारे और दुर्घटना संभावित स्थानों की जानकारी पहले ही मिल जाती है। इससे वाहन चालक सावधानी बरतते हुए गति कम कर सकते हैं और दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सकता है।

सड़क सुरक्षा समिति को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
निरीक्षण के बाद यातायात पुलिस टीम ने ब्लैक स्पॉट से जुड़ी समस्याओं और आवश्यक सुधार कार्यों को लेकर रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट को वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार कार्य कराने की योजना बनाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा उपाय करना भी जरूरी है।

एसएसपी ने वाहन चालकों से की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान और समय रहते सुरक्षा उपाय करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टिंग रेडियम लगाने जैसे छोटे लेकिन प्रभावी उपाय रात्रिकालीन सड़क सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस द्वारा तैयार रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों के सहयोग से आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे। एसएसपी ने वाहन चालकों से भी अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

दुर्घटनाओं में कमी लाने लगातार प्रयास
रायगढ़ पुलिस द्वारा सड़क हादसों को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ ब्लैक स्पॉट की पहचान, सुरक्षा संकेतक लगाने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय से दुर्घटनाओं को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आम लोगों की जागरूकता और प्रशासनिक प्रयासों के संयुक्त प्रयास से सड़क हादसों में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
Tags: