Korba. कोरबा। जिले में ट्रक ड्राइवर के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। स्टेपनी चोरी के शक में ट्रक मालिक और उसके साथियों द्वारा ड्राइवर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने, कपड़े उतरवाकर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में ट्रक मालिक समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित धर्मेंद्र कुमार देवांगन (33) कोरबा के पोड़ी थाना क्षेत्र के आर्टिसन ब्लॉक वार्ड-05 का निवासी है और ट्रक चालक के रूप में काम करता है। वह ट्रक मालिक विकास कुमार शर्मा के 16 टायर ट्रक में ड्राइवर था। पीड़ित के अनुसार 22 अप्रैल की रात ट्रक की स्टेपनी चोरी हो गई थी।
जिसकी जानकारी उसने तत्काल मालिक को दी थी। इसके बाद आरोप है कि मालिक ने उसे अलग-अलग जगहों पर काम के बहाने बुलाया और बाद में अपने साथियों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया। पीड़ित का आरोप है कि उसे स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर कोरबा ले जाया गया और रेलवे स्टेशन के पास एक कमरे में बंद कर दिया गया। 3 मई की सुबह कमरे में उसके साथ गाली-गलौज की गई और स्टेपनी चोरी का आरोप लगाते हुए बुरी तरह पीटा गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे कपड़े उतरवाकर अपमानित किया और बेल्ट, लात-घूंसों से मारपीट की।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी और 5 मई को बस से घर पहुंचकर पोड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का होने के कारण जीरो एफआईआर दर्ज कर केस डायरी आगे भेज दी गई है। पुलिस ने इस मामले में विकास कुमार शर्मा, मुकुल सहित कुल 6 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत पड़ताल जारी है।