रायपुर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक-16 में आज विकास और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनसंकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत एवं रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर गायत्री प्रज्ञा पीठ में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, खमतराई बाजार स्थित आंगनबाड़ी एवं प्रथम तल पर जिम भवन निर्माण, तथा सतनाम भवन के समीप ग्रंथालय एवं योग कक्ष निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
इन कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब आया जब गायत्री मंदिर परिसर में उपस्थित सैकड़ों नागरिकों ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने शपथ ली कि वे अपने घरों का कचरा नालियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकेंगे, बल्कि नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करते हुए निर्धारित वाहन को ही अपना कचरा सौंपेंगे। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास केवल भवनों और सड़कों के निर्माण तक सीमित नहीं होता, बल्कि नागरिकों के भीतर सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि "सरकार और नगर निगम अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, लेकिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका नागरिकों की होती है। यदि हम अपने घर का कचरा नालियों में डालेंगे, तो जलभराव, गंदगी और बीमारियों की समस्या कभी समाप्त नहीं होगी।"
मूणत ने कहा कि स्वच्छता एक आदत है, कोई एक दिन का अभियान नहीं। प्रत्येक परिवार यदि यह संकल्प ले कि वह कचरा केवल निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी को ही देगा, तो रायपुर देश के सबसे स्वच्छ शहरों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि रायपुर पश्चिम में विकास कार्यों के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जाएंगे, क्योंकि जनभागीदारी के बिना कोई भी विकास स्थायी नहीं हो सकता। महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। अब आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक नागरिक इसका पूरी जिम्मेदारी के साथ उपयोग करे।
उन्होंने कहा कि "नाली में फेंका गया कचरा केवल नालियों को ही जाम नहीं करता, बल्कि पूरे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करता है। स्वच्छ शहर का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और नगर निगम के साथ सहभागी बने।" महापौर ने कहा कि नगर निगम स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ रायपुर के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। नागरिकों का सहयोग इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है और इसी सामूहिक सहभागिता से रायपुर स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में स्वच्छता का संकल्प दोहराते हुए अपने घरों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का वचन दिया।