Rajim. राजिम। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप मच गया, जब भेंडरी गांव की महिला भूमिका सेन को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति भागवत सेन ने उसके साथ मारपीट की और खुद को मंत्री खुशवंत साहेब का PSO बताकर उसे लगातार धमकाता रहा। मामले में फिंगेश्वर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित महिला भूमिका सेन ने बताया कि पति भागवत सेन के किसी अन्य महिला से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पति ने मारपीट की, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। तत्पश्चात उन्हें डायल 112 पुलिस वाहन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। महिला ने कहा कि उनका पति अपने को मंत्री खुशवंत साहेब का PSO बताकर डर और दबाव बनाता रहा और यही कारण है कि उसे लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना सहनी पड़ी।
महिला के अनुसार, इससे पहले भी पति-पत्नी के बीच बार-बार विवाद और मारपीट होती रही है। ग्राम समिति की आहूत बैठक में दोनों पक्षों को आपसी सुलह कर साथ में रहने की समझाइस दी गई थी। बावजूद इसके, आरोपी पति ने महिला पर दुर्व्यवहार करना जारी रखा। वहीं, आरोपी भागवत सेन ने आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि यह पूरा मामला ससुराल पक्ष की साजिश है और पत्नी ने जानबूझकर बेहोश होने का नाटक किया। भागवत सेन का कहना है कि उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। पीड़ित महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो महिला की जान को खतरा हो सकता है।
फिलहाल, महिला का इलाज फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिंगेश्वर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और घरेलू हिंसा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर भी सवाल खड़ा करता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।