Raipur. रायपुर। रायपुर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अब लगभग 5 लाख 11 हजार 136 मतदाताओं के नाम कटने की संभावना बनी हुई है। इनमें सबसे अधिक संख्या उन मतदाताओं की है जो अब जिले से बाहर रह रहे हैं या जिनका वर्तमान पता जिले में नहीं है। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत मतदाताओं की संख्या 84 हजार 2 है। वहीं, 3 लाख 87 हजार 330 मतदाता अन्य जिलों के निवासी पाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 23 हजार 180 मतदाता ऐसे हैं जिनका सत्यापन नहीं हो पाया है। 14 हजार 311 मतदाता पहले से ही अन्य स्थानों पर नामांकित हैं, जबकि 2 हजार 313 नाम अन्य कारणों से हटाने की श्रेणी में रखे गए हैं।

निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मृत मतदाताओं को छोड़कर अन्य सभी मतदाताओं को नाम बनाए रखने का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए आयोग द्वारा निर्धारित फार्म भरकर आवश्यक प्रमाणिक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है। 23 दिसंबर 2025 की स्थिति के अनुसार रायपुर जिले में सात विधानसभा क्षेत्रों और बलौदाबाजार सहित कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों के 2484 मतदान केंद्र हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 14 लाख 89 हजार 251 है, जिनमें 7 लाख 39 हजार 821 पुरुष, 7 लाख 49 हजार 309 महिला और 121 अन्य मतदाता शामिल हैं।

मतदाताओं को तीन श्रेणियों में बांटा गया है।
कैटेगरी-ए: 5 लाख 28 हजार 859 मतदाता, जिनके नाम 2003 की SIR सूची में पहले से दर्ज थे।
कैटेगरी-बी: 8 लाख 24 हजार 631 मतदाता, जिनके नाम भले 2003 की सूची में नहीं थे, लेकिन उनके माता-पिता या दादा-दादी सूची में थे।
कैटेगरी-सी: 1 लाख 35 हजार 761 मतदाता, जिनका नाम न तो 2003 की सूची में था और न ही उनके परिवार का। इस कैटेगरी के मतदाताओं को आयोग द्वारा मान्य 13 प्रमाणिक दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, कैटेगरी-सी के 1 लाख 35 हजार 761 मतदाताओं में से 1 लाख 33 हजार 53 को नोटिस जारी कर दिया गया है। इनमें से 36 हजार 422 मतदाताओं को नोटिस की तामिली भी कराई जा चुकी है। अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी मतदाता निर्धारित समय पर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि पात्र मतदाता सूची में अपना नाम सुरक्षित रख सकें। यह कदम विशेष रूप से उन मतदाताओं के लिए है जिनके नामांकन में असमर्थता या सत्यापन में देरी हुई थी।
जिला निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे नोटिस प्राप्त होने पर जल्द से जल्द प्रमाणिक दस्तावेज जमा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और आगामी चुनावों में वे मतदान का अधिकार प्राप्त कर सकें। इस प्रक्रिया के माध्यम से रायपुर जिले में मतदाता सूची की सटीकता बढ़ेगी और अवैध या निष्क्रिय मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। इससे आगामी चुनावों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और वास्तविक मतदान योग्य मतदाताओं की पहचान आसान होगी।
Tags: