रायपुर में जल्दी डिलीवरी के चक्कर में न टूटें ट्रैफिक नियम, पुलिस की कंपनियों को हिदायत
छत्तीसगढ़.
रायपुर: पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा द्वारा विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों एवं फर्मों के संचालकों/मैनेजरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में फ्लिपकार्ट, ब्लू डार्ट, डिलीवरी डॉट कॉम, ब्लिंकिट एवं अन्य डिलीवरी कंपनियों के मैनेजर उपस्थित रहे। बैठक में राम कुमार बर्मन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात, सतीश ठाकुर, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात एवं रमेश येरेवार, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डिलीवरी कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि उनके यहां कार्यरत सभी डिलीवरी एजेंट यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से डिलीवरी कार्य करें।
बैठक के प्रमुख दिशा-निर्देश:
1. यातायात नियमों का कड़ाई से पालन: डिलीवरी के दौरान हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में न चलना, ओवरस्पीडिंग पर रोक तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने एवं अन्य किसी प्रकार से यातायात नियमों का उल्लंघन न किये जाने के संबंध में सख्त हिदायत दी गई।
2. अनिवार्य चरित्र सत्यापन (Character Verification): नागरिकों की सुरक्षा व विश्वास को ध्यान में रखते हुए कंपनियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने सभी डिलीवरी कर्मियों का पुलिस चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि डिलीवरी सेवाओं के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा एवं विश्वास को बनाए रखा जा सके।
3. समय का बंधन (Deadlines) समाप्त करने के निर्देश: डिलीवरी कंपनियों को स्पष्ट समझाइश दी गई कि डिलीवरी बॉयज पर तय समय सीमा (10-15 मिनट आदि) का दबाव न बनाया जाए। समय की पाबंदी के चलते डिलीवरी कर्मी हड़बड़ी व तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है
4. अनुशासनात्मक कार्रवाई: डिलीवरी एजेंटों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन या लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने पर संबंधित कंपनी भी अपने स्तर पर कर्मी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करे और अपने स्टाफ को समय-समय पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।।
यातायात कमिश्नरेट रायपुर की अपील
यातायात पुलिस द्वारा डिलीवरी कंपनियों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने सभी डिलीवरी कर्मचारियों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित एवं निर्देशित करेंगे।
यातायात कमिश्नरेट रायपुर द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं का उपयोग करते समय डिलीवरी बॉय के सड़क पर सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए सामग्री प्राप्त करने में जल्दबाजी न करें। सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।