रायगढ़ में दो दिनों में 193 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 12 शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए

छग

Update: 2026-01-29 14:09 GMT
Raigarh. रायगढ़। सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत रायगढ़ जिले में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ सघन यातायात जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत थाना प्रभारियों एवं उनके स्टाफ द्वारा प्रमुख चौराहों, सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर वाहन चालकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों की पहचान की जा रही है, वहीं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर लगातार समझाइश दी जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष अभियान के तहत विगत दो दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 193 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। इनमें से 12 वाहन चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। इन सभी मामलों में इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना एक गंभीर अपराध है, जो न केवल चालक की जान को खतरे में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब सेवन कर वाहन चलाने पर न्यूनतम 10,000 रुपये का अर्थदंड, 6 माह तक का कारावास या दोनों का प्रावधान है। इसके अलावा बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त भी किया जा सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से सख्त अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ सामाजिक गैर-जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी सतर्कता और नियमों के पालन से रोका जा सकता है। एसएसपी श्री सिंह ने सभी वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तेज गति से वाहन न चलाने, ओवरटेकिंग से बचने और
यातायात
संकेतों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। रायगढ़ पुलिस ने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान ही नहीं, बल्कि आगे भी इस तरह के जांच और जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित किया जा सके।
Tags:    

Similar News