रायपुर उत्तर में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, SIR अभियान को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर

छग

Update: 2025-11-20 15:15 GMT
Raipur. रायपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुर उत्तर विधानसभा में चुनाव आयोग द्वारा जारी विशेष मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर आज एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष–महामंत्री, पार्षद, शक्तिकेंद्र प्रभारी, संयोजक-सहसंयोजक और 204 बूथों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से इस बैठक को अत्यंत रणनीतिक माना जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि SIR केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि भाजपा के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का शानदार अवसर है। उन्होंने कह “यह अभियान सिर्फ फॉर्म भरने का काम नहीं है। मतदाता सूची यदि शुद्ध और पूर्ण होगी, तो उसका सकारात्मक प्रभाव चुनाव परिणामों में साफ दिखाई देगा। हमारा लक्ष्य है— रायपुर उत्तर को पूरे प्रदेश की ‘मॉडल विधानसभा’ के रूप में स्थापित करना।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर बूथ पर टीम सशक्त रहे और यह सुनिश्चित करे कि एक भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे। जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने SIR को लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण बताते हुए कहा “204 बूथों पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही इस अभियान की सफलता तय करेगी। BLA-2 यानी बूथ लेवल एजेंट के रूप में कार्यकर्ता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही कार्यकर्ता मतदाता सूची सुधार से लेकर घर-घर सत्यापन तक महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।”
उन्होंने साफ कहा कि भाजपा का मजबूत बूथ ही चुनावी सफलता की असली नींव है। नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर ने पार्षदों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा “संगठन के निर्देशानुसार हर वार्ड में पार्षद स्तर पर SIR सहायता केंद्र स्थापित करना आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को मतदाता सूची में जोड़ना हमारा दायित्व है। पार्षद और बूथ कार्यकर्ता मिलकर इस अभियान को सौ प्रतिशत सफलता तक पहुंचाएंगे।” बैठक का संचालन जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति ने व्यवस्थित तरीके से किया। उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को अभियान के तकनीकी पहलुओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
समापन के दौरान जिला उपाध्यक्ष अकबर अली ने भारी संख्या में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं, बूथ एजेंटों और पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर अभियान जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और सामूहिक प्रयासों से सफल होता है। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी सुनील पिल्लई, सुभाष अग्रवाल, अर्चना हुकरे, अनूप खेलकर, रोहित भरद्वाज, संदीप जंघेल, जीतेन्द्र गंडेचा, दलविंदर सिंह बेदी, राजेश गुप्ता, संतोष सीमा साहू, खगपति सोनी, अवतार सिंह बागल, गोरेलाल नायक, विपिन पटेल, कृतिका जैन, भगवान यादव, आशीष आहुजा, गोपाल ठाकरे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। रायपुर उत्तर विधानसभा में भाजपा संगठन को लंबे समय बाद ऐसी व्यापक और बूथ-स्तर केंद्रित रणनीतिक बैठक देखने को मिली है, जिससे आगामी चुनावी तैयारियों को बल मिलेगा। SIR अभियान पर पार्टी का यह फोकस आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।
Tags:    

Similar News