दुर्ग में अवैध सूदखोरी का खुलासा, महिला गिरफ्तार

Update: 2026-05-09 15:18 GMT
Durg दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में अवैध सूदखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज पर रकम उधार देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दस्तावेज अपने कब्जे में रखने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला लोगों से 20 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक ब्याज वसूल रही थी। रकम वापस करने के बाद भी उधार लेने वालों के दस्तावेज नहीं लौटाए जा रहे थे।
विजय यादव ने बताया कि फरीद नगर निवासी रशीदा बानों ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि सुपेला निवासी मुस्कान उर्फ तब्बसुम शेख लोगों को ब्याज पर पैसे देती थी और बदले में उनके दस्तावेज अपने पास रख लेती थी। आरोप है कि मूल रकम लौटाने के बाद भी आरोपी दस्तावेज वापस देने से मना कर देती थी। दस्तावेज मांगने पर गाली-गलौज करने, झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
मामले में ललिता हियाल, स्वाधिका रावत समेत कई अन्य लोगों के भी प्रताड़ना का शिकार होने की जानकारी सामने आई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सुपेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 308(2) और कर्जा अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से उधारी लेन-देन से जुड़े कई दस्तावेज और कागजात भी जब्त किए हैं।
Tags:    

Similar News