Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में रात्रिकालीन गश्त और सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अपराध और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात चलाए गए अभियान में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से नशीली दवाइयों, अवैध शराब और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य रात के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना, संदिग्ध लोगों की पहचान करना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
गोलबाजार पुलिस ने नाइट्रोजेपाम टैबलेट के साथ दो युवकों को पकड़ा
थाना गोलबाजार पुलिस टीम ने बांट टाल शीतला मंदिर के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा। पुलिस ने अनुराग साहू (21 वर्ष), पिता भुरलाल साहू और सोमेश साहू (24 वर्ष), पिता स्वर्गीय विनोद कुमार साहू, दोनों निवासी टिकरापारा क्षेत्र को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से नाइट्रोजेपाम की 157 टैबलेट बरामद की गईं। इसमें 16 पत्तियां शामिल थीं। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाइयां आरोपियों के पास कहां से आई थीं और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
मौदहापारा में अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई
थाना मौदहापारा पुलिस ने होटल आदित्य के सामने बार से अवैध रूप से शराब निकालकर बिक्री करने वाले युवक को पकड़ा। आरोपी की पहचान अमित सिंह (27 वर्ष), पिता जयप्रकाश अग्निहोत्री, निवासी ग्राम जमनी जिला शहडोल मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें बरामद की हैं। जब्त शराब में रॉयल स्टैग की 6 बोतलें, आरसी की 2 बोतलें, मैजिक मोमेंट की 2 बोतलें और ब्लेंडर्स प्राइड की 2 बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की कीमत करीब 10 हजार 880 रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नशे में वाहन चलाने पर चालक पर कार्रवाई
रात्रि चेकिंग के दौरान होटल आदित्य के पास वाहन जांच भी की गई। इस दौरान वाहन क्रमांक CG 04 HD 8000 के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

छीना-झपटी और संदिग्ध गतिविधियों पर भी शिकंजा
थाना गंज पुलिस ने छीना-झपटी की घटनाओं को लेकर संदिग्ध तबरेज बेक (18 वर्ष), निवासी टाटीबंध, रोटरी नगर मस्जिद के पास थाना आमानाका रायपुर को पकड़ा। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं थाना कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त सूजल बाला उर्फ समय (24 वर्ष), निवासी लालपुर क्षेत्र के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर भी कार्रवाई
बैजनाथपारा क्षेत्र में रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की भी जांच की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
पूरी कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में तथा एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि सेंट्रल जोन में रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नशीले पदार्थों, अवैध शराब, चोरी-छीना झपटी और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान से अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत होगा।
Tags: