15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए IG रामगोपाल गर्ग

छग

Update: 2026-02-27 18:20 GMT
Mungeli. मुंगेली। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा आयोजित ‘‘पहल’’ कार्यक्रम के तहत आयोजित कोटवार सम्मान सम्मेलन में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम जिला कलेक्ट्रेट के जनदर्शन सभाकक्ष में 26 फरवरी 2026 को सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले ग्राम कोटवारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर कुंदन कुमार (भा.प्र.से.) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में वर्ष 2025-26 में जिले के सभी ग्राम कोटवारों के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की योजना बनाई गई थी। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम कोटवारों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाना, गांव में अपराध और कानून व्यवस्था की जानकारी संकलन, मुसाफिरी दर्ज करने, साक्ष्य संकलन और प्रशासनिक सहयोग को मजबूत करना था।
प्रशिक्षण के दौरान कोटवारों को रक्षित केन्द्र मुंगेली में प्रातःकालीन योगासन और व्यायाम के माध्यम से शारीरिक दक्षता बढ़ाने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही डिजिटल युग में साइबर अपराध, मोबाइल धोखाधड़ी और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। कोटवारों को अपने ग्रामों में कानून व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने और पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि कोटवार गांव की पुलिस और राजस्व विभाग की मूल इकाई हैं। वे ग्राम की जमीन और सदस्यों की जानकारी रखते हुए बेसिक पुलिसिंग और मुसाफिरी दर्ज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कोटवारों को डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक होने और साइबर प्रहरी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में कोटवारों ने अपने अनुभव साझा किए, जिसमें यातायात नियमन, भीड़ नियंत्रण, साइबर अपराध, महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति जागरूकता शामिल थी। पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डीएफओ अभिनव कुमार और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कोटवारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी निष्ठा पांडेय, अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अति. पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक, सभी थाना/चौकी प्रभारी और जिले के सभी ग्राम कोटवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मुंगेली जिले में कोटवारों की क्षमता विकास और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने का संदेश स्पष्ट रूप से दिया गया।
Tags:    

Similar News